Sunday, 19 July 2020

नेपाल की बिना गारंटी वाली: चाइनीज़ जुबान!

      नेपाल से चाइनीज माल की सप्लाई तो काफी लंबे समय से होती रही है मगर आजकल तो नेपाल की तरफ से से बिना गारंटी और वारंटी वाली चाइनीज टाइप  खबरें आ रही हैं।🤣
वैसे नेपाल खुद को एक संप्रभु राष्ट्र यानी कि सुवरीन कंट्री कहता है मगर आजकल उसके सस्ते, हल्के और बिना वारंटी वाले😀 बड़े-बड़े बोल सुनकर तो लगता है कि उसका प्रभु कोई और ही होता जा रहा है!🤣वरना वो कुछ भी करता मगर प्रभु श्री राम की जन्म भूमि  पर दावा करने की जुर्र्त तो कम से कम नहीं ही करता!👏👏

वैसे नेपाल समझदार है उसने देख लिया कि लिंपियाधूरा, काला पानी और लिपुलेख पर तो उसका दावा किसी काम का नहीं है क्योंकि हमारी सेना तो सपने में भी  उसे इन जगहों को छूने नहीं देगी इसलिए उसने इस बार चतुराई दिखाते हुए  माइथोलॉजी का सहारा लिया।😀

सब जानते हैं कि भगवान शिव का प्रसिद्ध पशुपतिनाथ का मंदिर नेपाल में है। लाखों भारतीय प्रतिवर्ष इस मंदिर में दर्शन के लिए जाते हैं। नेपाल चाहता तो भोलेनाथ पर भी अपना कब्जा बता सकता था मगर नेपाल जानता है कि आजकल भारत में राम राज चल रहा है😂😂 इसलिए उसने बाकी देवताओं पर अपना कब्जा जमाने की कोशिश नहीं की, और सीधे श्री राम पर अटैक किया।😂

सुना है कि नेपाल के थोरी नामक जगह पर श्री राम जन्मभूमि की खुदाई की जाएगी मगर खुदाई करने वालों को कौन समझाए कि राम मिट्टी की खुदाई से नहीं अंतर्मन की खुदाई से मिलते हैं! मिट्टी के नीचे तो न वो भारत में मिले और ना नेपाल में मिलेंगे और मिल भी जाएंगे तो किसी काम ना आएंगे!👏👏
इधर भारत में चुटकी लेने वाले कुछ लोग कह रहे हैं कि अगर राम नेपाल के थे, रावण लंका का था तो तो नेपाल इस बात का हिसाब दे कि राम रावण युद्ध में भारत से बंदरों की सप्लाई किस आधार पर की गई!😃 भारत के जितने वानर उस युद्ध में मारे गए नेपाल  इन सब का मुआवजा दे।😂इस हिसाब से अगर कैलकुलेट करेंगे तो कम से कम आधा नेपाल गिरवी रखना पड़ेगा!🤣

 कुछ खबर नवीसों का कहना है कि अभी तो नेपाल ने केवल राम पर कब्जा किया है कुछ दिनों बाद वह  चीन के इशारे पर हमारे नव ग्रहों यानी कि  सूर्य, बुध, मंगल, पृथ्वी, शुक्र, शनि वगैरा-वगैरा  पर भी कब्जा  कर सकता है। वैसे मेरी व्यक्तिगत राय है कि यदि वास्तव में ऐसा होता है  तो  शनि, राहु, केतु  को तो हर हालत में नेपाल को सौंप दिया जाना चाहिए 🤣क्योंकि इन 3 पाप ग्रहों ने भारत के कई लोगों को अंधविश्वास के दलदल में डूबो रखा है।😂लेकिन वहीं ये बात भी  गौरतलब है कि इन तीनों की बदौलत बेचारे कई विद्वान पंडितों, ज्योतिषियों और ठगों की गृहस्थी चल रही है। 😂 ऐसे में  ग्रहों के हस्तांतरण का मामला भी खटाई में पड़ता हुआ ही नजर आ रहा है!🤣क्योंकि ऐसा करने से कोरोना की साढ़ेसाती से पीड़ित चल रही अर्थव्यवस्था पर शनिचरी ढैय्या और गुरु चांडाल योग का घातक प्रहार भी हो सकता है!

इस तरह अगर देखें तो कोई सीमा की बात कर रहा है, कोई भगवान की बात कर रहा है, कोई बंदरों की बात कर रहा है, कोई शनि, राहु और केतु की बात कर रहा है मगर इन सबके बीच कोई भी ऐसा नहीं है जो कि इंसानों की बात कर रहा हो!👏👏

लोग कह रहे हैं कि नेपाल पर चीनी प्रभाव के कारण ऐसा हो रहा है। मगर हमारी समझ से चीनी प्रभाव कितना ही कड़वा क्यों ना हो वह नेपाल और भारत के ऐतिहासिक और सामाजिक संबंधों की मिठास को कम नहीं कर पाएगा। हमारी संस्कृति, हमारी भाषा, हमारे रीति रिवाज, हमारे लोक पर्व सब साझे हैं। सच यह है कि हमारी सांस्कृतिक विरासत एक है। हमारे अतीत के पन्ने परस्पर सौहार्द और पारिवारिक संबंधों की मिठास से जुड़े हुए हैं। इसको ना तो नेपाल के कुछ बेवकूफ अलग कर सकते और नहीं भारत के! और चीनी करेले तो बिल्कुल भी नहीं!

Wednesday, 15 July 2020

अमिताभ बच्चन महानायक हैं महामानव नहीं!

 बच्चन साहब को करो ना हो गया है 
 जुर्रत तो देखिए बे अदब वायरस की...  शहंशाह का ही कॉलर पकड़ लिया! अरे शहंशाह का न सही सदी के महानायक का तो लिहाज कर लिया होता रे!
मगर कुरौना भी तो कहां कम है अगर बिग बी सदी के महानायक हैं तो कोरोना  भी तो खुद को सदी की महामारी समझता है!
 
सदी के महानायक को  हुई सदी की महामारी!
 जिसे सुर्खी बनाना हो गई मीडिया की लाचारी!
 टीआरपी की दौड़ में  मीडिया ने अमिताभ से ही अपनी हेडलाइन संवारी!

 बिग  बी का खबरों में आना तो लाजमी ही था क्योंकि आख़िर हजारों फिल्मों में न जाने कितने ही खलनायकों का संहार कर चुके बॉलीवुड के महानायक और 21वीं सदी के महाखलनायक कोरोना के बीच द्वंद  युद्ध जो शुरू हो चुका था! 
 हर घड़ी एक नया ट्वीट एक नई खबर एक नया स्टेटस नजर आने लगा!
 बिग बी पहुंचे नानावटी अस्पताल!
 बिग बी की सेहत में सुधार!
 Big B का कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा कोरोना!
 बिग बी को नहीं  आया पिछले 12 घंटों से बुखार!
 बिग बी ने बाय करवट ली! 
अमिताभ के कच्छे में घुस गया कॉकरोच!
 शाकाल कोरोना ने अपने तहखाने में बिग बी को कैद कर लिया!
खबरों का यह सिलसिला यहीं नहीं रुका. .. सिलसिला फिल्म में खावे गोरी का यार बलम तरसे में अमिताभ के साथ ठुमके लगाने वाली बॉलीवुड अदाकारा रेखा को भी इसने अपनी चपेट में ले लिया।
  खबर नवीसों को एक नई  खबर मिल गई। कोरोना हुआ अमिताभ को पर बंगला रेखा का  सील!" उधर जया बच्चन कोरोना नेगेटिव पाई गई  तो खबर चलने लगी कि "आखिर कब तक चलेगा ये सिलसिला ??" . .. 

इस सबके बीच कुछ आलोचना करने वाले लोग भी हैं जो मीडिया के इस प्रो-अमिताभ रवैए की आलोचना कर रहे हैं। क्या करें यह बेचारे अपनी आदत से मजबूर हैं  कुछ भी हो इन्हें अपना  पॉइंट ऑफ यू देना होता है बस ! उनका कहना है कि  एक व्यक्ति को इतना महत्व नहीं दिया जाना चाहिए। इनका कहना है कि बच्चन साहब तो एक समृद्ध और सुविधा संपन्न व्यक्ति हैं अपना इलाज करवाने में सक्षम हैं। खबर तो उन लोगों की दिखाई जानी चाहिए जिनके पास कोरोना का टेस्ट करवाने के लिए अस्पताल जाने का टिकट भी नहीं है!

मगर इन लोगों ने शायद कालिया फिल्म का वो डायलॉग नहीं सुना कि "हम जहां हैं खड़े होते हैं लाइन वहीं से शुरू होती है" और कोरोना की फिल्म में भी कुछ ऐसा ही हुआ! अमिताभ को कोरोना होने की ने खबर ने आठ लाख संक्रमितों और 30,000  मृतकों  को लाइन को पीछे छोड़  दिया। 

इसी बीच  पता चला कि कोरोना की लाईन ने बच्चन साहब के घर के ही 54 सदस्यों को अपनी गिरफ्त में ले लिया! मुझे गांधी जी पर  पढ़ी वो कविता याद आ गई: "चल पड़े जिधर दो डग मग में, चल पड़े कोटि पग उसी ओर!" जिसका अर्थ है कि महानायक जिस ओर दो कदम चलते हैं करोड़ों लोग उसी ओर चल पड़ते हैं! 

बहरहाल कोई  शहंशाह माने, डॉन माने या फिर महानायक! इस खबर के बाद यह साबित हो चुका है कि दुनिया की नजर में बेशक अमिताभ एक महान नायक हों पर प्रकृति  की नजर में वह महामानव नहीं हैं! उसकी नजर में जूता पॉलिश करने वाला एक अनाथ बच्चा और  करोड़ों अरबों खरबों की संपत्ति का मालिक दोनों बराबर है! 

वैसे इन दिनों आपमें से बहुत सारे लोग भी इस मुगालते में हैं कि करोना उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकता तो एक बार फिर सुन लीजिए कि कोरोना जब सदी के महानायक को भी महामानव नहीं मानता तो फिर आप किस खेत की मूली हैं!  इसलिए हम आप सबसे सोशल डिस्टेंसिंग और स्वच्छता का पालन करने का अनुरोध करते हैं। और जिन लोगों को कोरोना संक्रमण हो चुका है उनके स्वस्थ होने की कामना करते हैं।






Thursday, 9 July 2020

'विकास' के एनकाउंटर का सच!

आखिर विकास का एनकाउंटर हो गया। विकास को पकड़ना तो आदि काल से ही मुश्किल ही  नहीं नामुमकिन रहा है, क्योंकि वह कब कहां होता है यह आज तक किसी को पता ही नहीं चल पाया! मगर विकास भी ये जान चुका था कि अब उसका सच बेनकाब हो चुका है। वो इस बात को बखूबी समझ चुका था कि अब वह लोगों को किसी तरह से और अधिक समय तक  गुमराह नहीं कर पाएगा। इसलिए उसने सरेंडर करने का इरादा बनाया और इसके लिए उसे सबसे मुफीद जगह नजर आई मंदिर! मंदिर में हुआ विकास!! अरे पूरा वाक्य तो सुन लीजिए: मंदिर में हुआ विकास सरेंडर!
महाकालेश्वर धाम में विकास ने अपने  होने का उद्घोष किया। उसने बताया कि जिसे लोग यहां वहां ढूंढ रहे हैं वह विकास यहां मंदिर में मौजूद है। विकास ने आस्था के पवित्र धाम को भी कलंकित करने का पूरा प्रयास किया। अपनी साख बचाने के लिए आखिर उसे मंदिर ही सबसे सुरक्षित जगह नजर आई। विकास समझदार था इसीलिए उसने अपनी जान बचाने के लिए मंदिर का सहारा लिया क्योंकि उसने जिस तरह लोगों के विश्वास का खून किया था, ऐसे में उसे भगवान के सिवा कोई और बचा भी नहीं सकता था। मगर भगवान भी उसे कब तक बचा लेते। 
वैसे कानपुर से काफी पास में अयोध्या का प्रसिद्ध राम मंदिर भी है। विकास चाहता तो वहां भी जा सकता था मगर शायद वो यह जान चुका था कि उत्तर प्रदेश में अब वह राम के नाम पर नहीं बच पाएगा इसलिए उसने इस बार कालों के काल महाकाल के दरबार को अपने संरक्षण के लिए चुना मगर शायद वह भूल गया कि पुरुषोत्तम श्रीराम तो आदर्शों और मर्यादा से बंधे होने के कारण एक बार विकास को माफ कर सकते थे मगर शिव के  क्रोध की ज्वाला के आगे तो ऐसे फर्जी विकास भस्म हो जाया करते हैं।
शिव के तांडव से विकास अब 'काश' हो जायेगा! अब अगले कुछ समय के लिए विकास की खोज बंद हो गई जायेगी। मगर सृजन और विनाश सृष्टि के अकाट्य सत्य हैं और विकास भी इसका अपवाद नहीं!  वह दीर्घकालिक हो सकता है पर उसका अंत सुनिश्चित है। किंतु अंत भी शाश्वत नहीं इसलिए विकास का पुनर्जन्म भी हो सकता है!

  आप को निर-उत्तर छोड़े जा रहा हूं क्योंकि इन दिनों में विकास दक्षिण में हो रहा है! 

                                                 -मशाल मैन