Wednesday, 15 July 2020

अमिताभ बच्चन महानायक हैं महामानव नहीं!

 बच्चन साहब को करो ना हो गया है 
 जुर्रत तो देखिए बे अदब वायरस की...  शहंशाह का ही कॉलर पकड़ लिया! अरे शहंशाह का न सही सदी के महानायक का तो लिहाज कर लिया होता रे!
मगर कुरौना भी तो कहां कम है अगर बिग बी सदी के महानायक हैं तो कोरोना  भी तो खुद को सदी की महामारी समझता है!
 
सदी के महानायक को  हुई सदी की महामारी!
 जिसे सुर्खी बनाना हो गई मीडिया की लाचारी!
 टीआरपी की दौड़ में  मीडिया ने अमिताभ से ही अपनी हेडलाइन संवारी!

 बिग  बी का खबरों में आना तो लाजमी ही था क्योंकि आख़िर हजारों फिल्मों में न जाने कितने ही खलनायकों का संहार कर चुके बॉलीवुड के महानायक और 21वीं सदी के महाखलनायक कोरोना के बीच द्वंद  युद्ध जो शुरू हो चुका था! 
 हर घड़ी एक नया ट्वीट एक नई खबर एक नया स्टेटस नजर आने लगा!
 बिग बी पहुंचे नानावटी अस्पताल!
 बिग बी की सेहत में सुधार!
 Big B का कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा कोरोना!
 बिग बी को नहीं  आया पिछले 12 घंटों से बुखार!
 बिग बी ने बाय करवट ली! 
अमिताभ के कच्छे में घुस गया कॉकरोच!
 शाकाल कोरोना ने अपने तहखाने में बिग बी को कैद कर लिया!
खबरों का यह सिलसिला यहीं नहीं रुका. .. सिलसिला फिल्म में खावे गोरी का यार बलम तरसे में अमिताभ के साथ ठुमके लगाने वाली बॉलीवुड अदाकारा रेखा को भी इसने अपनी चपेट में ले लिया।
  खबर नवीसों को एक नई  खबर मिल गई। कोरोना हुआ अमिताभ को पर बंगला रेखा का  सील!" उधर जया बच्चन कोरोना नेगेटिव पाई गई  तो खबर चलने लगी कि "आखिर कब तक चलेगा ये सिलसिला ??" . .. 

इस सबके बीच कुछ आलोचना करने वाले लोग भी हैं जो मीडिया के इस प्रो-अमिताभ रवैए की आलोचना कर रहे हैं। क्या करें यह बेचारे अपनी आदत से मजबूर हैं  कुछ भी हो इन्हें अपना  पॉइंट ऑफ यू देना होता है बस ! उनका कहना है कि  एक व्यक्ति को इतना महत्व नहीं दिया जाना चाहिए। इनका कहना है कि बच्चन साहब तो एक समृद्ध और सुविधा संपन्न व्यक्ति हैं अपना इलाज करवाने में सक्षम हैं। खबर तो उन लोगों की दिखाई जानी चाहिए जिनके पास कोरोना का टेस्ट करवाने के लिए अस्पताल जाने का टिकट भी नहीं है!

मगर इन लोगों ने शायद कालिया फिल्म का वो डायलॉग नहीं सुना कि "हम जहां हैं खड़े होते हैं लाइन वहीं से शुरू होती है" और कोरोना की फिल्म में भी कुछ ऐसा ही हुआ! अमिताभ को कोरोना होने की ने खबर ने आठ लाख संक्रमितों और 30,000  मृतकों  को लाइन को पीछे छोड़  दिया। 

इसी बीच  पता चला कि कोरोना की लाईन ने बच्चन साहब के घर के ही 54 सदस्यों को अपनी गिरफ्त में ले लिया! मुझे गांधी जी पर  पढ़ी वो कविता याद आ गई: "चल पड़े जिधर दो डग मग में, चल पड़े कोटि पग उसी ओर!" जिसका अर्थ है कि महानायक जिस ओर दो कदम चलते हैं करोड़ों लोग उसी ओर चल पड़ते हैं! 

बहरहाल कोई  शहंशाह माने, डॉन माने या फिर महानायक! इस खबर के बाद यह साबित हो चुका है कि दुनिया की नजर में बेशक अमिताभ एक महान नायक हों पर प्रकृति  की नजर में वह महामानव नहीं हैं! उसकी नजर में जूता पॉलिश करने वाला एक अनाथ बच्चा और  करोड़ों अरबों खरबों की संपत्ति का मालिक दोनों बराबर है! 

वैसे इन दिनों आपमें से बहुत सारे लोग भी इस मुगालते में हैं कि करोना उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकता तो एक बार फिर सुन लीजिए कि कोरोना जब सदी के महानायक को भी महामानव नहीं मानता तो फिर आप किस खेत की मूली हैं!  इसलिए हम आप सबसे सोशल डिस्टेंसिंग और स्वच्छता का पालन करने का अनुरोध करते हैं। और जिन लोगों को कोरोना संक्रमण हो चुका है उनके स्वस्थ होने की कामना करते हैं।






1 comment: